नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं, मध्य भारत में अगले 24 घंटों तक तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन इसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।
उत्तर-पूर्व में भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग ने असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। उत्तर-पूर्वी राज्यों में कई स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 26 फरवरी से 1 मार्च के बीच भारी से बहुत भारी बर्फबारी और बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तराखंड में भी मौसम बिगड़ने के संकेत हैं।
इन राज्यों में भी होगी बारिश
- पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 26 फरवरी से 1 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
- पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 फरवरी से 1 मार्च के बीच हल्की बारिश हो सकती है।
- उत्तरी राजस्थान में 27 और 28 फरवरी को हल्की बारिश होने के आसार हैं।
- गुजरात, कोंकण-गोवा और तटीय कर्नाटक में अगले तीन दिनों में गरज के साथ बारिश हो सकती है।
- केरल और तमिलनाडु में बिजली चमकने के साथ भारी बारिश का अनुमान है।
मौसमी तंत्र का हाल
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास सक्रिय है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर ईरान में बना हुआ है। इसके अलावा, पूर्वी असम के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण भी विकसित हो रहा है, जिससे वहां बारिश और ओलावृष्टि के हालात बन सकते हैं।
आज का मौसम पूर्वानुमान
स्काईमेट वेदर के अनुसार,
- अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, कुछ जगहों पर भारी बारिश के भी आसार हैं।
- सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश देखने को मिल सकती है।
- जम्मू-कश्मीर और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।
- 25 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ेंगी, जो 2 या 3 मार्च तक जारी रह सकती हैं।
देशभर में बदलते मौसम के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से पहाड़ी राज्यों में यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होगी।