Kml Desk: रांची में होली के मौके पर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने रविवार को रांची-पुरुलिया रोड को जाम कर दिया। बता दें कि शुक्रवार और शनिवार को नामकुम थाना क्षेत्र में विवाद हुआ था, जब बाइक की चाबी को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ। झगड़े के दौरान तलवारबाजी भी हुई, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक, सोनू मुंडा, की मौत हो गई, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया।
जिन दो गुटों में झड़प हुई, उसमें एक गुट पास के जोरार बस्ती का है। वहीं दूसरा गुट नामकुम स्टेशन के पास खटाल बस्ती का है। दोनों के बीच हुई इस हिंसक मारपीट में एक व्यक्ति की आज अस्पताल में मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल 3 लोगों का इलाज चल रहा है।
घटना के बाद, रविवार को स्थानीय लोग सोनू मुंडा की मौत के विरोध में रांची-पुरुलिया रोड पर बैठ गए और सड़क पर टायर जलाकर नारेबाजी की। इस दौरान विधायक, पूर्व विधायक और कई छात्र नेता भी ग्रामीणों के समर्थन में शामिल हुए। पुलिस ने इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की और 2 दर्जन से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर 12 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, और अब वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल प्रशासन के द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ।