Ranchi: सिरम टोली फ्लाईओवर के विरोध में सरना समिति द्वारा किए गए बंद के दौरान शहर में जमकर बवाल हुआ। प्रदर्शनकारियों ने जगह-जगह टायर जलाकर सड़कें जाम कर दीं और कई इलाकों में आगजनी व तोड़फोड़ की। कांके चौक, नामकुम, फिरायालाल चौक, बूटी मोड़ सहित विभिन्न स्थानों पर यातायात ठप हो गया।
प्रदर्शन में दिखी गुंडागर्दी, मिलिट्री वाहन रोका
बंद समर्थकों की ओर से अरगोड़ा चौक, कटहल मोड़ और चापुटोली-पुंदाग रोड पर गुंडागर्दी देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों ने राहगीरों, मीडिया कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बदसलूकी की। कई युवकों के नशे की हालत में हंगामा करने की भी खबर है। सबसे हैरान करने वाली घटना तब हुई जब प्रदर्शनकारियों ने एक मिलिट्री वाहन को भी रोक लिया। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन की सख्ती पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन रहे अलर्ट
बंद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। पुलिस बल ने संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। कई स्थानों पर हल्की झड़प भी हुई। बंद के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
यात्रियों को हुई परेशानी
प्रदर्शन के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्रियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। बस, ऑटो और टैक्सी सेवाएं भी प्रभावित रहीं, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।