Palamu/Ranchi: झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू के एनकाउंटर मामले में अब पलामू पुलिस की ओर आधिकारिक बयान जारी कर दिया गया है। पलामू पुलिस ने बताया है कि 11 मार्च की सुबह करीब 09.30 बजे पलामू एसपी से सूचना प्राप्त हुई कि झारखंड एटीएस के द्वारा रायपुर सेंट्रल जेल से कुख्यात अमन साहू को रांची के एनआईए कोर्ट में प्रस्तुत करने के लिए रांची लाया जा रहा था। इसी क्रम में चैनपुर एवं रामगढ़ थाना के बॉर्डर पर चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंधारी ढोढा घाटी में अमन साहू के गुर्गों ने पुलिस वाहन पर बम फेंका और गोलीबारी करने लगे। ये लोग अमन साहू को पुलिस गिरफ्त से छुड़ाने की मंशा से आये थे।
हाथ में इंसास राइफल लिए पड़ा हुआ था अमन साहू का शव
गैंगस्टर अमन साहू ने अफरातफरी के माहौल का फायदा उठाते हुए एक जवान का हथियार छीन लिया और पुलिस वाहन से उतरने के बाद गोलीबारी करते हुए भागने लगा। इस क्रम में झारखंड एटीएस की टीम ने आत्मरक्षा में जबाबी कार्रवाई की। इस दौरान एटीएस के एक जवान के जांघ में गोली लग गई, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, अमन साहू का शव हाथ में इंसास राइफल लिए हुए जमीन पर करवट अवस्था में पड़ा हुआ था। जबकि, उसके गुर्गे गोलीबारी करते हुए जंगल का फायदा उठा कर भागने में सफल रहे। घटनास्थल की जांच में आस पास खोखा, कारतूस, जिंदा बम और फटे बम के अवशेष बरामद हुए।
अनुसंधानकर्ता एवं दंडाधिकारी ने घटनास्थल पहुंच कर की जांच
इस घटना की सूचना पर वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर टीम गठित की गई। वहीं, सत्यापन एवं जरूरी कार्रवाई के शहर अंचल के इंस्पेक्टर सुरेश राम (अनुसंधानकर्ता) एवं सदर अंचलाधिकारी (दंडाधिकारी) ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान एफएसएल, बम निरोधक दस्ता तथा डॉग स्कॉयड की टीम के द्वारा घटनास्थल की विधिवत जांच की गई। इसके साथ ही साथ वहां की फोटोग्राफी और विडियोग्राफी भी कराई गई।