Ranchi : गढ़वा विधानसभा से पांच बार विधायक रहे गिरिनाथ सिंह ने मंगलवार की शाम समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। गढ़वा स्थित अपने आवास पर पत्रकारों की मौजूदगी में उन्होंने सपा में शामिल होने की घोषणा की। बीते लोकसभा चुनाव से ठीक पहले गिरिनाथ सिंह ने चतरा लोकसभा से चुनाव लड़ने के लिए भाजपा छोड़ कर अपनी पुरानी पार्टी आरजेडी में वापसी की थी। लेकिन, कांग्रेस के खाते में इस सीट के जाने के कारण वह चुनाव नहीं लड़ पाये थे।
गढ़वा विधानसभा में त्रिकोणीय होगा मुकाबला
इस बार गिरिनाथ सिंह गढ़वा विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी में थे। लेकिन, अचानक से उन्होंने साइकिल की सवारी करने का फैसला कर सबको चौंका दिया। बता दें कि गढ़वा से जेएमएम ने मंत्री मिथिलेश ठाकुर को टिकट दिया है, जबकि भाजपा ने सत्येंद्र नाथ तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है। अब गिरिनाथ सिंह की एंट्री के बाद गढ़वा में त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं।