Thursday, April 10, 2025
spot_img
HomeRajyaJharkhandJMM वंशवाद की पार्टी है, एक ही परिवार चुनाव लड़ता हैः शिवराज...

JMM वंशवाद की पार्टी है, एक ही परिवार चुनाव लड़ता हैः शिवराज सिंह

WhatsApp Channel जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now

KhabarMantraLive :  केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को झारखंड की तीन विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। साथ ही रांची में केन्द्रीय सरना समिति के मतदाता जागरूकता अभियान में भी शिरकत कर पवित्र सरना स्थल पर पूजा-अर्चना की। शिवराज सिंह ने बहरागोड़ा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी दिनेशानन्द गोस्वामी, मनोहरपुर विधानसभा से एनडीए उम्मीदवार दिनेश चन्द्र बोयपाई और जगन्नाथपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान शिवराज सिंह ने जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, इनके रहते झारखंड की जनता सुखी नहीं है। इन्होंने झारखंड को तबाह और बर्बाद कर दिया है। झारखंड में माटी, बेटी, रोटी बचाने के लिए जनता संकल्पबद्ध है और सभी ने मिलकर भाजपा को जिताने का फैसला किया है, ताकि विकास हो सके, झारखंड आगे बढ़ सके, विदेशी घुसपैठिए बहार निकाले जा सके, नौजवानों को रोजगार मिल सके, महिला सशक्तिकरण हो सके, किसानों की आय बढ़ सके और कानून व्यवस्था ठीक हो सके।

ये देश है, धर्मशाला नहीं

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, विदेशी घुसपैठिए एक बड़ा संकट बनकर झारखंड और आदिवासी संस्कृति पर छाए हुए हैं। ये हमारा देश है कोई धर्मशाला नहीं है कि, कोई भी अपनी मर्जी से चला आए। ये देश हमारा है, ये धरती हमारी है, ये जमीन, जल, जंगल, नदियां, पर्वत, पहाड़, खेत, हमारे हैं और हम इन पर और किसी का कब्जा किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे। यहां धड़ल्ले से घुपैठिए आ रहे हैं, आदिवासी बेटियों को भ्रम के जाल में फंसाकर उनसे शादी कर रहे हैं, जमीनों और पंचायतों पर कब्जा कर रहे हैं। रूबीका और अंकिता जैसी बेटियों की निर्मम हत्याएं हो रही है, लेकिन झारखंड की सोरेन सरकार चुप्पी साधे बैठी है, क्योंकि, हेमंत सोरेन और जेएमएम-कांग्रेस के लोग विदेशी घुसपैठियों को अपना वोट बैंक मानते हैं। वोटों की लालच में उन्हें संरक्षण देकर उनके वोटर लिस्ट में नाम लिखवा रहे हैं और आधार कार्ड, राशन कार्ड तक बनवाए जा रहे हैं। हालात ये हैं कि, संथाल परगना में आदिवासी आबादी 44 % से घटकर केवल 28 % ही रह गई है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही नागरिकता का रजिस्टर बनाया जाएगा और विदेशी घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर निकाला जाएगा। ये घुसपैठिये झारखंड और देश के लिए एक बड़ा खतरा है। वहीं शिवराज सिंह ने कहा कि, यहां धड़ल्ले से गौ-तस्करी की जा रही है। गौ-तस्करों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा।

झारखंड की बहनों को मिलेगा सम्मान

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, पांच साल पहले हेमंत सोरेन सरकार ने महिलाओं से वादा किया था कि, उन्हें चूल्हा खर्च के लिए प्रति माह 2 हजार रूपए की राशि दी जाएगी। पूरे 4 साल 10 महीने कुछ नहीं दिया और चुनाव के नजदीक आते ही एक नई योजना बनाकर वोटों के लालच में महिलाओं के खाते में एक-एक हजार रूपए डाल दिए। प्रति माह 2 हजार के हिसाब से एक साल के 24 हजार रूपए होते हैं और पांच साल के हिसाब से 1 लाख 20 हजार रूपए, लेकिन बहनों के खाते में आए केवल 2 हजार रूपए। शिवराज सिंह ने कहा कि, पहले हेमंत सोरेन ये बताएं कि, 1 लाख 18 हजार रूपए कहां गए। वहीं चौहान ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी की सरकारें मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा और महाराष्ट्र में बहनों के खाते में सम्मान राशि दे रहीं हैं और झारखंड में भाजपा की सरकार बनते ही महीने की हर 11 तारीख को गोगो दीदी योजना बनाकर बहनों को 2100 रूपए की राशि सीधे खाते में देगी। इतना ही नहीं महिलाओं को रसोई गैस सिलेंडर केवल 500 रूपए में उपलब्ध कराया जाएगा और साल में दो बार त्योहार पर गैस सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मोदी जी के नेतृत्व में अब हर बहन को स्व-सहायता समूह के माध्यम से लखपति दीदी बनाना है। लखपति दीदी का मतलब है कि, हर बहन की प्रति माह आमदनी 10 हजार रूपए से ज्यादा हो और सालाना 1 लाख से अधिक हो। भारतीय जनता पार्टी जो कहती है वो करती है। भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी महिला सशक्तिकरण के लिए संकल्पित हैं।

जेएमएम-कांग्रेस झूठों के सरदार

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, जेएमएम-कांग्रेस और इंडी गठबंधन झूठों के सरदार हैं। इन्होंने झारखंड में युवाओं को 5 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन नौकरियां नहीं मिली। 5 से 7 हजार रूपए बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था, लेकिन भत्ता भी नहीं मिला। सोरेन सरकार ने उत्पाद सिपाही भर्ती के नाम पर बच्चों को कड़ी धूप में 10 किलोमीटर तक ऐसा दौड़ाया कि, कई बच्चे जिंदगी की जंग हार गए। बच्चों की माएं घर पर इंतज़ार कर रही थी कि, बच्चे सिपाही की वर्दी पहनकर वापस लौटेंगे लेकिन बच्चे तो कफन ओढ़कर लौटे। ये हादसा नहीं बल्कि हत्या है। वहीं शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, यहां 2 लाख 87 हजार सरकारी पद खाली पड़े हैं। झारखंड में भाजपा की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में इन खाली पड़े पदों को भरने के प्रस्ताव को मंजूरी दी जाएगी। बकायदा कैलेंडर बनाकर तय किया जाएगा कि, कब परीक्षा होगी, कब परिणाम आएंगे और कब नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं को अच्छी नौकरी की तैयारी के लिए 2 साल तक प्रति माह 2 हजार रूपए की राशि दी जाएगी। झारखंड के युवाओं को भाजपा पूरा न्याय देगी।

आदिवासी संस्कृति को संरक्षित करेंगे

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, झारखंड में आदिवासी संस्कृति संकट में हैं। प्रदेश के सामाजिक, आदिवासी भाई-बहनों के स्थलों को चिन्हित कर अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा और आदिवासी समाज को सौंपा जाएगा। अवैध घुसपैठ के खिलाफ कानून बनाएंगे और हमारी पहचान ना मिटे, इसलिए आदिवासी संस्कृति को संरक्षित करने का काम करेंगे। आदिवासी समाज पर 26 प्रतिशत ज्यादा अपराध बढ़े हैं, अत्याचार के मामले बढ़े हैं, इनको पूरी तरह से रोका जाएगा। वहीं शिवराज सिंह ने कहा कि, सोरेन सरकार ने पेसा एक्ट लागू नहीं किया लेकिन, भारतीय जनता पार्टी, एनडीए की सरकार पेसा एक्ट 5वीं अनुसूची के आधार पर लागू करेगी। मध्यप्रदेश जैसे राज्य में धर्मांतरण रोकने का कानून बनाया गया है। झारखंड की इस पवित्र धरती पर भी हमारी सरकार कानून बनाकर लोभ, लालच, भय, प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने वालों को रोकने का काम करेगी। जिन आदिवासियों की जमीन हथियाई गई है, कानून बनाकर वो जमीन आदिवासियों को वापस की जाएगी। ये हमारा संकल्प है।

हर गरीब को मिलेगा पक्का मकान

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीसरी बार पदभार संभालते ही पहली कैबिनेट में तय कर दिया था कि, हर गरीब को पक्का मकान बनाने के लिए राशि दी जाएगी। मोदी जी ने निर्णय लिया है कि, ग्रामीण क्षेत्रों में 2 करोड़ पक्के आवास और बनाए जाएंगे। जिसमें झारखंड में 21 लाख पक्के आवास बनाए जाएंगे। जो गरीब परिवार छूट गए हैं, सर्वे कर सूची में उनका नाम जोड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री केन्द्र से पक्के मकान बनाने के लिए तो राशि भेजती ही है, लेकिन झारखंड में भाजपा की सरकार बनते ही घर को सजाने-संवारने के लिए सरकार 1 लाख रूपए की राशि अलग से देगी। वहीं शिवराज सिंह ने कहा कि, झारखंड में गरीबों को आवास बनाने के लिए बालू तक नहीं मिल रहा है, यहां बालू बाल्टियों में किलो से बेची जा रही है, लेकिन भाजपा सरकार के आते ही गरीबों को पक्के मकान बनाने के लिए बालू भी फ्री कर दी जाएगी। वहीं मोदी जी ने जल जीवन मिशन के लिए 5 हजार करोड़ की राशि भेजी थी ताकि, हर घर में नल से पानी दिया जा सके, लेकिन सोरेन सरकार जल जीवन मिशन का पैसा भी डकार गई। भाजपा की सरकार बनते ही हर घर में नल से जल पहुंचाया जाएगा, ये हमारा संकल्प है।

Read More : 

Read More : 

Read More : 

Read More : 

Read More : 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

News Update

Recent Comments