Jharkhand: झारखंड में ठंड का प्रकोप जारी है। गुमला, खूंटी, हजारीबाग समेत कई जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। हालांकि राजधानी रांची में कुछ दिनों से ठंड में थोड़ी राहत महसूस की गई है, लेकिन राज्य के अन्य हिस्सों में शीतलहर का कहर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, रांची का तापमान फिर से 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, झारखंड में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में सुबह घना कोहरा छा सकता है। हालांकि आसमान साफ रहेगा।
बीते 24 घंटे का मौसम
पिछले 24 घंटे में झारखंड के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। डाल्टनगंज में सबसे ज्यादा 0.1 एमएम बारिश हुई। वहीं, चाईबासा में 29.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज किया गया।
इन जिलों में घने कोहरे की संभावना
मौसम विभाग ने गुमला, खूंटी, लोहरदगा, रांची, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा जिलों में घने कोहरे की संभावना जताई है।
ठंड में बरते सावधानी
शीतलहर और कोहरे के चलते स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को गर्म कपड़े पहनने और घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है। सुबह और शाम के वक्त अनावश्यक घर से बाहर निकलने से बचें।
झारखंड में ठंड का असर अभी कुछ और दिनों तक जारी रहेगा। घने कोहरे और शीतलहर के कारण सावधानी बरतना जरूरी है।