Join Our WhatsApp ChannelJoin Now
Garhwa: जिले के अलग-अलग प्रखंडों में अनियमितता के मामले में DC शेखर जमुआर ने बड़ी कार्रवाई की है। रामपुर पैक्स में धान क्रय में गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद पैक्स अध्यक्ष के खिलाफ FIR दर्ज कराई गयी है। साथ ही खरौंदी प्रखंड में अबुआ आवास और मंईयां सम्मान योजना से संबंधित गड़बड़ी उजागर हुई है। इस मामले में DC के आदेश पर पंचायत सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं खरौंधी पंचायत की मुखिया के निलंबन की राज्य निर्वाचन आयोग से अनुशंसा की गई है। इसके अलावा BDO और ब्लॉक कॉर्डिनेटर को शो-कॉज किया गया हैं। वहीं कुपा पंचायत में मंईयां सम्मान योजना में तीन CSC संचालकों द्वारा लाभुक की जगह अपने रिश्तेदारों का बैंक खाता डिटेल अंकित करने का मामला सामने आया है। इस मामले में तीनों CSC संचालकों का आईडी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। DC शेखर जमुआर ने कहा कि सरकारी योजनाओं के कार्यान्वयन में किसी भी स्तर पर अनियमितता पाये जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
धान क्रय में गड़बड़ी: रामपुर पैक्स अध्यक्ष पर FIR दर्ज
मझिआंव प्रखंड अंतर्गत रामपुर पैक्स में धान क्रय के दौरान कालाबाजारी संबंधी भारी अनियमितता की शिकायत मिली। जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी की संयुक्त जांच में धान अधिप्राप्ति विपणण मौसम 2024-25 अंतर्गत उपार्जन पोर्टल में प्रदर्शित 5375 क्विंटल के विरुद्ध उनके गोदाम में मात्र 2693 क्विंटल धान पाया गया। निरीक्षण के समय लगभग 2300 क्वींटल धान गोदाम में नहीं पाया गया। इस मामले में रामपुर पैक्स अध्यक्ष रवीन्द्र सिंह के खिलाफ BNS की सुसंगत धाराओं के तहत मझिआंव थाना में FIR दर्ज कराया गया है।
अबुआ आवास में गड़बड़ी: खरौंधी पंचायत सेवक निलंबित
खरौंधी प्रखंड खरौंधी के पंचायत में अयोग्य लाभुकों को अबुआ आवास का लाभ दिए जाने संबंधी प्राप्त शिकायत मिली। जांच में पाया गया है कि इस पंचायत में कुल 9 अयोग्य लाभुकों को आवास स्वीकृत कराया गया है, जिसमें 7 लाभुकों के खातें में प्रथम किस्त की राशि भी विमुक्त किया गया है। जांच का पता चलने के बाद शेष 2 लाभुकों के खाता में राशि अंतरित नहीं की गई है। DC शेखर जमुआर के निर्देश पर सभी 7 लाभुकों से खाता से राशि वापस ले ली गयी है। वहीं, पंचायत सचिव शशि कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जबकि, खरौंधी मुखिया मंजू देवी को निलंबित करने की राज्य निर्वाचन आयोग से अनुशंसा कर दी गयी है। वहीं, प्रखंड समन्वयक रविरंजन एवं BDO रवीन्द्र कुमार को पर्यवेक्षण में लापरवाही के आरोप में शो-कॉज किया गया है। साथ ही चेतावनी दी गयी है कि यदि अगली बार लापरवाही पायी गयी, तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मंईयां सम्मान योजना में जालसाजी: 3 CSC संचालक का ID रद्द
खरौंधी प्रखंड के कुपा पंचायत के CSC संचालक नवनीत कुमार पटेल, सत्यनारयण गुप्ता एवं अजित प्रजापति द्वारा गलत मंशा से मंईयां सम्मान योजना के कुछ लाभुकों के खाता संख्या एवं IFSC CODE के स्थान पर अपने सगे संबंधी/रिश्तेदार का संख्या एवं IFSC CODE पोर्टल पर प्रविष्टि करने का मामला प्रकाश में आया था। अंचल अधिकारी की जांच में शिकायत सही पायी गयी। जांच में पता चला कि ग्राम कूपा के 7 लाभुकों का राशि CSC संचालक नवनीत पटेल के पत्नी रेशमी देवी के खाता में हस्तांतरित हुई है। वहीं 5 लाभुकों का पैसा CSC संचालक सत्यनारायण गुप्ता के अपने खाता में तथा 9 लाभुकों की राशि CSC संचालक अजीत प्रजापति की मां लालती देवी के खाते में गयी है। DC के आदेश पर तीनों
CSC संचालक का ID तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।