Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के संगठन सृजन 2025 अभियान के तहत पांच दिवसीय “मंथन” शिविर का शुभारंभ हुआ। पहले दिन दो सत्रों में बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की।
बैठक में के. राजू ने पिछले चुनाव में पार्टी को मिले मत प्रतिशत, विभिन्न क्षेत्रों में वोट शेयर और स्ट्राइक रेट की समीक्षा करते हुए संगठन में व्यापक सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, जो एक बड़ी चुनौती है। हमें कार्यप्रणाली में सुधार लाकर पार्टी को मजबूत करना होगा।
चुनौतियों और रणनीति पर मंथन:
श्री राजू ने बताया कि विभिन्न प्रमंडलों का दौरा कर संगठन की स्थिति का आकलन किया गया है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक शक्ति की कमी और सामाजिक वर्गों के मुद्दों को प्रभावी ढंग से न उठा पाने के कारण पार्टी कमजोर हो रही है। उन्होंने तेलंगाना का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस ने वहां जातिगत जनगणना कराकर पिछड़ा वर्ग को 42% आरक्षण दिया, जिसे झारखंड में भी मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाना होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं की आवाज सुनने के लिए 14 अप्रैल को एक ऐप लॉन्च करने की घोषणा की। इस ऐप के माध्यम से कार्यकर्ता सीधे पार्टी नेतृत्व से संवाद कर सकेंगे। इसके अलावा, कनेक्ट सेंटर शुरू किया जाएगा, जहां बिना किसी मिडिलमैन के कार्यकर्ताओं की शिकायतें और सुझाव सुने जाएंगे।
100 दिन की कार्ययोजना और पुनर्गठन:
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए 100 दिनों की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत प्रत्येक जिले के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं, जिन्हें मासिक बैठकों में शामिल होना होगा। पर्यवेक्षक, प्रखंड स्तर पर मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति और ग्राम पंचायत स्तर पर समितियों के गठन की निगरानी करेंगे।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस विधायकों को दो-दो जिलों की जिम्मेदारी दी गई है, जहां वे सरकार से संबंधित मुद्दों को एकत्र कर संबंधित विभागों तक पहुंचाएंगे। वहीं, पर्यवेक्षक संगठनात्मक प्रक्रिया को मजबूत करेंगे। 15 जुलाई को प्रदेश कमेटी का पुनर्गठन किया जाएगा।
बैठक में कई वरिष्ठ नेता शामिल:
बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बालमुचू, राजेश ठाकुर, सुबोधकांत सहाय, बंधन तिर्की, शहजादा अनवर, जलेश्वर महतो, केएन त्रिपाठी, जेपी भाई पटेल, बृजेंद्र सिंह, अनादी ब्रह्म, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुजनी, अमूल्य नीरज खलको, बलजीत सिंह बेदी, संजय पांडे, अजय शाहदेव, आलोक कुमार दुबे, गौरव सिंह, भीम कुमार, सोनाल शांति, गजेंद्र सिंह, अभिलाष साहू सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदेश कांग्रेस ने बैठक के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता से सीधे संवाद स्थापित करने के लिए प्रतिबद्धता जताई।