KhabarMantraLive: झारखंड में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन द्वारा शुरू की गई एयर एंबुलेंस सेवा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस पहल के तहत अब तक 94 मरीजों को झारखंड से अन्य राज्यों के प्रमुख अस्पतालों में एयरलिफ्ट कराकर उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें से 78 मरीज रांची से जबकि 11 मरीज अन्य जिलों से एयर एंबुलेंस सेवा का लाभ ले चुके हैं।
आम और खास सभी को मिल रही सुविधा
एयर एंबुलेंस सेवा का लाभ आम जनता से लेकर गणमान्य व्यक्तियों तक सभी को मिला है। विधानसभा चुनाव कार्य के दौरान गंभीर रूप से घायल झारखंड पुलिस बल के जवानों को भी त्वरित उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर उच्चस्तरीय अस्पतालों में भेजा गया। यह सेवा जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन रक्षक सिद्ध हो रही है।
कैसे करें एयर एंबुलेंस की बुकिंग?
राज्य में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति एयर एंबुलेंस की बुकिंग के लिए नागर विमान विभाग द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबर +918210594073 पर संपर्क कर सकता है। यह सेवा 24×7 उपलब्ध है। झारखंड से बाहर मरीजों को ले जाने के लिए प्रति उड़ान घंटे का शुल्क ₹55,000 तय किया गया है।
एयर एंबुलेंस सेवा के निर्धारित रूट और शुल्क:
रूट | शुल्क (₹ में) |
---|---|
रांची–दिल्ली | ₹3.3 लाख |
रांची–मुंबई | ₹4.4 लाख |
रांची–चेन्नई | ₹3.85 लाख |
रांची–कोलकाता | ₹1.10 लाख |
रांची–हैदराबाद | ₹3.02 लाख |
रांची–वाराणसी | ₹1.37 लाख |
रांची–लखनऊ | ₹2.20 लाख |
रांची–तिरुपति | ₹3.85 लाख |
फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट सी–90 की सुविधा
एयर एंबुलेंस सेवा के लिए फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट सी–90 उपलब्ध है, जिससे एक मरीज के साथ दो परिजन यात्रा कर सकते हैं। यह सेवा गंभीर रूप से बीमार मरीजों को त्वरित और सुरक्षित चिकित्सा सहायता दिलाने के लिए मील का पत्थर साबित हो रही है।