Ranchi: झारखंड विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बीद आज CM हेमंत सोरेन के आवास पर इंडिया गठबंधन के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक हुई। इसमें जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी और सीपीआईएमएल के नवनिर्वाचित विधायक शामिल रहे। इसके अलावा कांग्रेस के झारखंड प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, JMM की राज्यसभा सांसद महुआ माजी भी बैठक में शामिल थीं। इस दौरान इंडिया गठबंधन के नवनिर्वाचित विधायकों ने सर्वसम्मति से निवर्तमान CM हेमंत सोरेन को गठबंधन के विधायक दल का नेता चुना।
28 नवंबर को झारखंड की नई सरकार की ताजपोशी संभव
शाम करीब 4:15 बजे हेमंत सोरेन राजभवन पहुंचे। इस दौरान इंडिया गठबंधन के नेता भी साथ थे। हेमंत सोरेन ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को गठबंधन के सभी 56 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपते हुए झारखंड में नयी सरकार के गठन का दावा पेश किया। वहीं, राज्यपाल ने झारखंड की नयी सरकार के गठन लिये उन्हें न्योता भी दे दिया है। साथ ही हेमंत सोरेन को शपथ ग्रहण तक राज्य का मनोनीत CM भी नियुक्त कर दिया है। सूत्रों की मानें, तो 28 नवंबर को हेमंत सोरेन चौथी बार राज्य के CM पद की शपथ लेंगे। वहीं CM के साथ तीन-चार मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। संभावना है कि रांची के माेरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन होगा। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस बार 5:1 के फार्मूले पर पार्टीवार मिल सकता है मंत्री पद
दूसरी ओर नयी सरकार में मंत्रिमंडल के गठन को लेकर यह संभव है कि इस बार 5:1 के फार्मूले पर मंत्री बनाये जायेंगे। यानी कि जिस दल के पास जितने विधायक हैं, उसी अनुसार मंत्रिमंडल में जगह भी मिलेगी। ऐसे में जेएमएम के खाते में CM समेत 6 मंत्री, कांग्रेस को चार और आरजेडी कोटे से एक मंत्री बन सकते हें। वहीं, सीपीआईएमएल को भी एक मंत्री पद दिया जा सकता है। बता दें कि झारखंड में CM समेत कुल 12 मंत्रियों के पद हैं। वहीं, गठबंधन में सबसे अधिक विधायक होने के नाते इस बार भी विधानसभा अध्यक्ष के पद पर JMM की ओर से ही दावा किया जाने की उम्मीद है।
कौन-कौन विधायक नयी हेमंत 4.0 सरकार में बन सकते हैं मंत्री
अगर मंत्रिमंडल में शामिल विधायकों को बात करें, तो कांग्रेस कोटे से रामेश्वर उरांव, प्रदीप यादव, दीपिका पांडेय सिंह और इरफान अंसारी मंत्री बन सकते हैं। वहीं, JMM कोटे से हफीजुल हसन, दीपक बिरूआ, दशरथ गागराई, बसंत सोरेन और आरजेडी से संजय सिंह यादव, सुरेश पासवान मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि, हेमंत 4.0 सरकार में किन्हें मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। गठबंधन की अगली बैठक में इस पर मुहर लगने की उम्मीद है।
प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों ने की बैठक
इससे पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक हुई। इस दौरान पार्टी के विधायक दल के नेता के चयन को लेकर मंथन किया गया। बैठक में नवनिर्वाचित विधायकों के अलावा, झारखंड प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत पार्टी के प्रदेश स्तर के वरीय पदाधिकारी मौजूद थे। कांग्रेस कार्यालय में बैठक के बाद पार्टी के सभी नवनिर्वाचित विधायक सीएम आवास पहुंचे और यहां इंडिया गठबंधन के नवनिर्वाचित विधायकों बैठक में शामिल हुए।
Read More : माओवादियों ने BJP के खिलाफ साटा पोस्टर… क्या कहा जानिये
Read More : झारखंड में हार मेरे लिए बहुत दुखद : हिमंत बिस्वा सरमा
Read More : CM आवास में इंडिया गठबंधन के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक
Read More : बीआईटी मेसरा पॉलिटेक्निक में छात्र की पिटाई मामले में 5 गिरफ्तार
Read More : आरटीसी बस और ऑटो के बीच भीषण टक्कर