Ranchi: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर झारखंड की विभिन्न महिला समूहों की महिलाओं ने शुक्रवार को विधायक कल्पना सोरेन से कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में मुलाकात की। इस दौरान महिलाओं ने अपनी मांगों और मुद्दों को विधायक के समक्ष रखा।
विधायक कल्पना सोरेन ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड सरकार महिलाओं को शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही “मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना” के तहत महिलाओं के बैंक खातों में राशि भेजी जाएगी, जिससे उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार महिलाओं को उनका हक-अधिकार देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि झारखंड की महिलाएं राज्य के विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं और सरकार उन्हें हर क्षेत्र में सम्मान देने के लिए संकल्पित है।
“महिला सशक्तिकरण विकसित झारखंड के निर्माण का आधार बनेगा। हमारी सरकार महिलाओं के संघर्ष को समझती है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठा रही है,” – विधायक कल्पना सोरेन।
महिलाओं ने जताया आभार
मुलाकात के दौरान विभिन्न महिला समूहों ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की सराहना की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार महिलाओं के कल्याणार्थ जो कार्य कर रही है, वह अनुकरणीय उदाहरण बन चुका है।अंत में विधायक कल्पना सोरेन ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विधायक अमित महतो भी उपस्थित रहे।