Ranchi: झारखंड में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन का दौर जारी है। दूसरे चरण में 38 सीटों पर 20 नवंबर को मतदान होना है। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने एक-दो सीट को छोड़ कर बाकी सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। हालांकि, सूची जारी करने में अब तक सबसे पीछे कांग्रेस पार्टी ही रही है। इंडिया गठबंधन में झारखंड की दो प्रमुख सीट बोकारो और धनबाद कांग्रेस के खाते में आयी है। लेकिन, इन दोनों सीटों पर प्रत्याशियों के नाम को लेकर अब तक अंतिम मुहर नहीं लग पायी है। दूसरी ओर भाजपा ने धनबाद और बोकारो दोनों विधानसभा से अपने सीटिंग विधायकों को टिकट दिया है। पार्टी ने धनबाद से राज सिन्हा और बोकारो से बिरंची नारायण को फिर से मौका दिया है।
बोकारो से लड़ना चाहते थे राजेश ठाकुर, पर नहीं बनी बात
इधर, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर बोकारो से चुनाव लड़ना चाहते थे। पर, शीर्ष नेतृत्व इसके लिए तैयार नहीं हुआ। सूत्रों की मानें, तो पार्टी ने ठाकुर को धनबाद सीट से चुनाव लड़ने का ऑप्शन दिया था, पर उन्होंने इंकार कर दिया। अब सियासी फिजां में इस बात की खूब चर्चा है कि पार्टी शेखर अग्रवाल को धनबाद से अपना उम्मीदवार बना सकती है।
बोकारो से दूसरी बार श्वेता सिंह को मौका दे सकती है कांग्रेस
बोकारो विधानसभा से पूर्व विधायक समरेश सिंह की पुत्रवधु श्वेता सिंह के नाम भी खूब चर्चा है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस पार्टी दूसरी बार उन्हें बोकारो से अपना उम्मीदवार बना सकती है। बहरहाल, धनबाद और बोकारो, दोनों विधानसभा से पार्टी किसे अपना प्रत्याशी बनाएगी, यह जल्द ही तय हो जाएगा। इसी के साथ सियासी जगत में चल रहे सभी अटकलों पर विराम भी लग जाएगा।
शेखर अग्रवाल को भाजपा से टिकट मिलने की थी उम्मीद
भाजपा के वरिष्ठ नेता शेखर अग्रवाल धनबाद की राजनीति में पहचान के मोहताज नहीं है। उनकी राजनीतिक छवि और मेयर के तौर पर किए गए विकास कार्यों की हर कोई सराहना करता है। उन्हें उम्मीद थी भाजपा अपने दो बार के सीटिंग विधायक राज सिन्हा का टिकट काट कर इस बार उन्हें मौका देगी। इसके लिए वे पिछले छह माह से लॉबिंग भी कर रहे थे। पर, तीसरी बार राज सिन्हा को उम्मीदवार बनाने के बाद अग्रवाल का भाजपा से माह भंग हो गया है। वे पूर्व में निर्दलीय ताल ठोकने की घोषणा भी कर चुके थे। ऐसे में कांग्रेस के अंदर इस बात को लेकर मंथन चल रहा है कि शेखर अग्रवाल को धनबाद से उम्मीदवार घोषित कर दिया जाये।