अल्लू अर्जुन की बहुप्रतीक्षित फिल्म पुष्पा 2: द रूल के प्रीमियर के दौरान एक बड़ी दुर्घटना सामने आई। 4 दिसंबर की शाम हैदराबाद के संध्या थिएटर में फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान फैंस अल्लू अर्जुन की एक झलक पाने के लिए बेकाबू हो गए, जिससे थिएटर में भगदड़ मच गई। इस हादसे में एक महिला प्रशंसक की मौत हो गई और उसका 13 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अल्लू अर्जुन पर दर्ज हुआ केस
इस घटना के बाद पुलिस ने अल्लू अर्जुन, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर प्रबंधन के खिलाफ चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 105 और 118(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि अल्लू अर्जुन ने बिना किसी पूर्व सूचना के थिएटर का दौरा किया, जिससे भीड़ अनियंत्रित हो गई और भगदड़ मच गई।
क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय महिला रेवती अपने बेटे श्रीतेज के साथ फिल्म देखने पहुंची थी। भारी भीड़ के बीच दम घुटने से रेवती की मौत हो गई और उसका बेटा घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि अल्लू अर्जुन की निजी सुरक्षा टीम ने भीड़ को संभालने की बजाय उन्हें धक्का देना शुरू कर दिया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
थिएटर प्रबंधन पर भी आरोप
थिएटर प्रबंधन पर भी आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अतिरिक्त सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के उचित इंतजाम नहीं किए। पुलिस ने कहा कि प्रीमियर के दौरान किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी गई थी कि अल्लू अर्जुन थिएटर में पहुंचेंगे। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर अल्लू अर्जुन की आलोचना हो रही थी कि उन्होंने घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि, उनके कंटेंट और डिजिटल हेड सरथ चंद्र नायडू ने सफाई देते हुए कहा कि अल्लू अर्जुन की टीम ने मृतक महिला के परिवार से संपर्क किया और आर्थिक सहायता का वादा किया। निर्माता बनी वास ने अस्पताल जाकर घायल बच्चे का हालचाल लिया और डॉक्टरों से मुलाकात कर इलाज का खर्च उठाने की बात कही।
पुलिस का सख्त बयान
हैदराबाद पुलिस आयुक्त सी.वी. आनंद ने कहा, “थिएटर में अराजकता फैलाने के लिए जिम्मेदार सभी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।”
Read More : CM हेमंत ने की पहल, परदेश से लौटेंगे झारखंड के 50 कामगार
Read More : हेमंत कैबिनेट में डिप्लोमा इंजीनियर से लेकर डॉक्टर तक… देखिये लिस्ट
Read More : रांची नगर निगम हुआ रेस, 34 रूफटॉप संचालकों पर होगी कार्रवाई
Read More : कुख्यात मयंक सिंह के नाम का पोस्ट वायरल… देखें
Read More : इस महीने 17 दिन बैंक रहेंगे बंद, निपटा लें जरुरी काम