Ranchi: बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए बुरी खबर है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने रांची से देवघर के लिए प्रतिदिन संचालित होने वाली विमान सेवा को अचानक बंद कर दिया है. इसके चलते अब रांची से देवघर जाने वाले यात्रियों को ट्रेन या सड़क मार्ग का ही सहारा लेना होगा.
मार्च के शेड्यूल में थी शामिल, फिर भी सेवा बंद
रांची-देवघर विमान संख्या 6ई7965/7964 रोजाना दोपहर 12:30 बजे रांची पहुंचती थी और 12:50 बजे देवघर के लिए उड़ान भरती थी. हालांकि, इंडिगो एयरलाइंस ने ऑपरेशनल कारणों का हवाला देते हुए इस सेवा को अचानक बंद कर दिया. खास बात यह है कि मार्च के शेड्यूल में इस विमान सेवा को शामिल किया गया था, बावजूद इसके इसे रद्द कर दिया गया.
श्रद्धालुओं को लगा बड़ा झटका
रांची से देवघर के बीच की दूरी विमान के जरिए महज 50 मिनट से 1 घंटे में पूरी हो जाती थी, जिससे श्रद्धालु एक ही दिन में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन कर वापस लौट सकते थे. लेकिन अब इस सेवा के बंद होने से उन्हें ट्रेन या बस के भरोसे रहना होगा, जिससे सफर में अधिक समय लगेगा.
रांची एयरपोर्ट से 27 विमानों का संचालन जारी
रांची से देश के विभिन्न शहरों के लिए अभी कुल 27 विमानों का संचालन हो रहा है. इनमें:
- दिल्ली के लिए 8 फ्लाइट्स
- बेंगलुरु और कोलकाता के लिए 4-4 फ्लाइट्स
- हैदराबाद के लिए 3 फ्लाइट्स
- मुंबई के लिए 2 फ्लाइट्स
- पटना, अहमदाबाद, भुवनेश्वर, चेन्नई और पुणे के लिए 1-1 फ्लाइट शामिल हैं.
अब ट्रेन ही विकल्प
विमान सेवा बंद होने के बाद श्रद्धालुओं को देवघर जाने के लिए अब केवल ट्रेन और सड़क मार्ग का सहारा लेना होगा. देवघर जाने वाली प्रमुख ट्रेनें जैसे वैद्यनाथ एक्सप्रेस और रांची-भागलपुर एक्सप्रेस यात्रियों के लिए मुख्य विकल्प होंगी.
Read More :- हेमंत कैबिनेट की बैठक 25 को, कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगेगी मुहर