KhabarMantraLive: रांची में बीजेपी नेता अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या के बाद राज्यभर में तनाव का माहौल है। हत्या के विरोध में बीजेपी ने झारखंड बंद का आह्वान किया, जिसका व्यापक असर राजधानी रांची समेत अन्य जिलों में देखा जा रहा है। सड़कों पर जगह-जगह प्रदर्शन हो रहे हैं, जबकि पुलिस सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
50 से ज्यादा कार्यकर्ता हिरासत में, प्रमुख नेता भी शामिल
बंद के दौरान पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक बीजेपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। रांची के धुर्वा मंडल अध्यक्ष उमेश यादव और वरिष्ठ नेता कामेश्वर सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया। वहीं, एहतियातन भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव और भैरव सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी हिरासत में लिए गए नेताओं से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साधा।
प्रदर्शन से जाम हुईं सड़कों पर भारी पुलिस बल तैनात
बंद का असर रांची के प्रमुख इलाकों में साफ देखा गया। बूटी मोड़, पिस्का मोड़, कांके चौक, रातू रोड और धुर्वा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया। इन इलाकों में वाहनों की आवाजाही बाधित रही।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। सुरक्षा व्यवस्था में चार प्रशिक्षु डीएसपी सहित 12 डीएसपी, थाना प्रभारी और दो दर्जन इंस्पेक्टर शामिल रहे।
स्कूल, बाजार और प्रतिष्ठान बंद
बंद के कारण रांची के अधिकतर स्कूल, कॉलेज और बाजार बंद रहे। अरगोड़ा, बरियातू, किशोरगंज, ओरमांझी, बेड़ो, खलारी और कांके जैसे इलाकों में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बंद का व्यापक असर दिखा।
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने किया प्रदर्शन
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने पिस्का मोड़ पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
ड्रोन और सीसीटीवी से नजर, फायर ब्रिगेड तैनात
बंद को लेकर पुलिस प्रशासन ने निगरानी के लिए ड्रोन कैमरा और सीसीटीवी की व्यवस्था की थी। चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। स्थिति पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम में अधिकारी तैनात किए गए।
किसी भी स्थिति से निपटने के लिए वज्र वाहन, रंगीन पानी का टैंकर, आंसू गैस और फायर ब्रिगेड की तैनाती भी की गई थी।
हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
बीजेपी नेता अनिल टाइगर की हत्या मामले में पुलिस ने एक आरोपी रोहित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
बीजेपी का सरकार पर हमला
घटना के बाद बीजेपी नेताओं ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
Read More :- भाजपा नेता अनिल टाइगर की दिनदहाड़े हत्या, ग्रामीणों ने एक हमलावर को पकड़कर पुलिस को सौंपा
Read More:- सारंडा जंगल में 200 से अधिक प्रजातियों के पौधे विलुप्त, जांच की मांग
Read More :-हजारीबाग घटना पर भाजपा का हंगामा, बाबूलाल मरांडी ने की सख्त कार्रवाई की मांग