Ranchi: त्योहारी सीजन को देखते हुए डीजीपी अनुराग गुप्ता ने पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय बैठक की। इसमें राज्य के सभी पुलिस अधीक्षकों और स्पेशल ब्रांच अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रणनीति पर चर्चा हुई।
डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की अनहोनी रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया जाए। भीड़ नियंत्रण, रूट प्लानिंग, लाठीचार्ज के नियमों और अन्य सुरक्षा उपायों की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनावश्यक छुट्टियां रद्द कर दी जाएंगी और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। राज्यभर में RAF को तैनात करने के आदेश भी दिए गए हैं।
डीजीपी ने निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान डीजे पर भड़काऊ गाने बजाने पर सख्त पाबंदी रहेगी। विशेष रूप से रांची और हजारीबाग में सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की कड़ी नजर रहेगी, ताकि अफवाहें और भड़काऊ पोस्ट फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
कांके की हालिया घटना पर उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। उन्होंने अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाने के निर्देश दिए।