Ranchi: रांची और गुमला पुलिस के संयुक्त छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जानकारी के मुताबिक, गुमला जिले के कामडरा थाना क्षेत्र से पीएलएफआई केंद्रीय कमेटी का उपाध्यक्ष दुर्गा सिंह उर्फ प्रभाकर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुमला एसपी ने नक्सली कमांडर की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। वहीं, गुरुवार को गुमला पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी देगी।
कारोबारियों को धमकी देकर लेवी वसूलता था दुर्गा सिंह
बता दें कि दुर्गा सिंह झारखंड के अलग-अलग जिलों में कारोबारियों को धमकी देकर लेवी वसूलने का काम करता था। विगत फरवरी माह में कोल्हान के सारंडा जंगल में पीएलएफआई केंद्रीय कमेटी की बैठक हुई थी। पीएलएफआई केंद्रीय कमेटी के सदस्य सह झारखंड प्रभारी कृष्ण यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मार्टिन केरकेट्टा को पीएलएफआई का अध्यक्ष और दुर्गा सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया था।