Ranchi: बिहार के मुख्यमंत्री सह जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के जन्मदिन के अवसर पर झारखंड JDU ने सुशासन दिवस मनाया। इस अवसर पर डोरंडा स्थित विधायक सरयू राय के आवास पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं, भारतीय जनतांत्रिक मोर्चा (भाजमो) के आधिकारिक रूप से JDU में विलय की घोषणा भी कर दी गई। हालांकि, विधानसभा चुनाव के समय ही भाजमो का JDU में विलय कर दिया गया था। इस दौरान भाजमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे धर्मेंद्र तिवारी ने दर्जनों पार्टी कार्यकर्ताओं को JDU में शामिल कराया। मौके पर विधायक सरयू राय, बिहार से राज्यसभा सांसद सह झारखंड JDU के प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो सहिक दर्जनों जदयू कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विधायक सरयू राय ने नीतीश कुमार के स्वस्थ एवं दीर्घायु की कामना की
जमशेदपुर पूर्वी से JDU विधायक सरयू राय ने कहा कि JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार का जन्मदिन राज्य भर में सुशासन दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर हम सभी ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार के स्वस्थ, दीर्घायु और प्रसन्नचित रहने की कामना की है। साथ ही साथ उन्होंने जिस कार्य को करने का बीडा उठाया है, उसे पूरा करने की हमलोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी है।
बिहार की सुशासन व्यवस्था को झारखंड में लागू कराएंगे: धर्मेंद्र तिवारी
धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की साफ-सुथरी छवि है। उनके जन्मदिन को हमलोग सुशासन दिवस के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज पार्टी कार्यालय में 79 कार्यकर्ताओं को JDU में शामिल कराया गया है। उन्होंने कहा कि सरयू राय के मार्गदर्शन में नीतीश कुमार की बिहार वाली सुशासन व्यवस्था को झारखंड में भी लागू कराएंगे। साथ ही साथ सेवा भाव से जनता के मुद्दों को उठाते हुए झारखंड में बेहतर व्यवस्था लाएंगे।
विधानसभा चुनाव के समय ही भाजमो का JDU में हो गया था विलय
धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि आने वाले समय में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन कर प्रदेश स्तर पर राज्य भर से कार्यकर्ताओं को JDU में शामिल कराया जाएगा। साथ ही साथ वृहद स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह नीतीश कुमार ने बिहार से जंगल राज खत्म किया, उसी तर्ज पर झारखंड के लूट राज को JDU खत्म करने का काम करेगी।