Ranchi: झारखंड के जनजातीय बहुल इलाकों को समृद्ध करने के लिये 1220 नए आंगनबाड़ी केंद्र खोले जायेंगे। प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान (PM-Janman) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DAJGUA) के तहत इन केंद्रों को खोले जाने की योजना है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा DAJGUA के तहत जनजातीय बहुल गांवों के आंगनबाड़ी केंद्रों को उत्क्रमित कर सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र बनाने का निर्णय लिया गया है। इसको लेकर राज्य सरकार ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय को 7139 गांवों की सूची भेज दी है। इनमें 6524 गांवों में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जबकि 615 गावों के सर्वे का कार्य प्रक्रियाधीन है।
Read More : Traffic Update: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रांची दौरे को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव
PM-Janman के तहत 275 आंगनबाड़ी केंद्र खोलने की योजना
PM-Janman के तहत राज्य में कुल 275 आंगबाड़ी केंद्र खोलने की योजना है। उल्लेखनीय है कि PM नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर 2023 को झारखंड के खूंटी जिले से इस योजना को लॉन्च किया था। बता दें कि PM-Janman योजना शत-प्रतिशत केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित है। इस योजना का उद्देश्य जनजातीय बहुल क्षेत्रों में आवास, शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, बेहतर सड़क और दूरसंचार कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली की सुविधा के अलावा कौशल विकास और स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है।
DAJGUA के तहत 945 गांवों में नए आंगनबाड़ी केंद्र खुलेंगे
DAJGUA योजना के तहत 945 गांवों में नए आंगनबाड़ी केंद्रों को खोले जाने का प्रस्ताव है। इन गांवों की सूची स्वीकृति के लिए महिला एवं बाल विकास मंत्रालय को भेजी गई है। उल्लेखनीय ळै कि बीते साल 2 अक्टूबर को PM मोदी ने इस योजना को लॉन्च किया था। इसके तहत कार्यों में होने वाले खर्च में केंद्र और राज्य सरकार की भागीदारी 70:30 की है। इस योजना का उद्देश्य सामाजिक बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका में महत्वपूर्ण अंतराल को दूर करना है।
Read More : JPSC का पिंड दान कर अभ्यर्थी बोले- मर चुका है JPSC, अब पुनर्जन्म का इंतजार
आदिवासी समुदाय के उत्थान में मील का पत्थर होगा निर्णय: बाबूलाल
झारखंड BJP अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में 1220 नये आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाने के निर्णय को झारखंड के आदिवासी समुदाय के उत्थान में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत झारखंड के आदिवासी गांवों में 1220 नए आंगनबाड़ी केंद्र खोलने का फैसला स्वागतयोग्य है। इससे आदिवासी समाज के विकास और पोषण सुधार में काफी सुधार होगा। यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की नियुक्ति से महिलाओं का सशक्तिकरण होगा।
केंद्र सरकार द्वारा पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत झारखंड के आदिवासी गांवों में 1220 नए आंगनबाड़ी केंद्र खोलने का फैसला स्वागतयोग्य है। इससे आदिवासी समाज के विकास और पोषण सुधार में काफी सुधार होगा।
यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगी,…
— Babulal Marandi (@yourBabulal) February 14, 2025