Ranchi/Hazaribagh: हजारीबाग सदर के पूर्व एसडीओ अशोक कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से हजारीबाग पुलिस ने उन्हें दबोचा है। पूर्व एसडीओ अशोक कुमार पर उनकी पत्नी को जला कर मारने का आरोप था। बता दें कि 26 दिसंबर 2024 को हजारीबाग सदर के तत्कालीन एसडीओ अशोक कुमार की पत्नी अनीता कुमारी को अधजले हालत में हजारीबाग के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बोकारो जेनरल अस्पताल रेफर कर दिया गया था। मगर, हालत बिगड़ता देख डॉक्टरों ने मरीज को रांची के देवकमल अस्पताल रेफर कर दिया था। लेकिन, यहां इलाज के दौरान 28 दिसंबर को अनीता कुमारी की मौत हो गयी थी। इसके बाद परिजन शव लेकर हजारीबाग के लोहसिंघना थाना पहुंचे थे और तत्कालीन हजारीबाग सदर एसडीओ अशोक कुमार की गिरफ्तारी की मांग की थी।
Read More : छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 31 नक्सली ढेर, दो जवान शहीद
मृतका के भाई ने एसडीओ समेत ससुरालवालों पर दर्ज कराया था FIR
इस मामले में मृतका अनीता कुमारी के भाई राजू गुप्ता ने हजारीबाग के लोहसिंघना थाना में मामला दर्ज कराया था। उन्होंने तत्कालीन हजारीबाग एसडीओ अशोक कुमार पर उनकी पत्नी को जला कर मारने का आरोप लगाया था। साथ ही इस मामले में अशोक कुमार के पिता दुर्योधन कुमार, भाई शिवनंदन कुमार, भाई की पत्नी रिंकू देवी को नामजद किया था। दर्ज FIR में मृतका के भाई ने आरोप लगाया था कि सभी ने मिलकर उनकी बहन अनीता देवी पर तारपीन का तेल छिड़क कर आग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गयी।
हजारीबाग एसपी के आदेश पर गठित SIT कर रही थी मामले की जांच
इस मामले की जांच के लिये हजारीबाग एसपी के आदेश पर SIT का गठन किया गया था। इधर, अनीता की मौत के बाद शहर भर में आरोपी एसडीओ की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कैंडल मार्च व मशाल जुलूस निकाले गये थे। वहीं, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों द्वारा भी एसडीओ समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार आवाज उठायी जा रही थी।
Read More : रांची में 301 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी 10 लेन की अत्याधुनिक सड़क
न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद हजारीबाग पुलिस ने दबोचा
इस हाईप्रोफाइल मामले की जांच के लिये गठित SIT ने अपनी तफ्तीश शुरू कर दी थी। पुलिस टीम ने घटना स्थल से तारपीन तेल की बोतल समेत जले हुए कपड़े व अन्य सामग्री को जब्त किया था। इसके बाद जब्त सामानों को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया था। FSL की जांच रिपोर्ट आने के बाद हजारीबाग पुलिस ने इसी रिपोर्ट के आधार पर आरोपी एसडीओ की गिरफ्तारी के लिए न्यायायल से वारंट जारी करने के लिये अर्जी लगायी। वहीं, अदालत से गिरफ्ताररी वारंट निर्गत होते ही हजारीबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी। इस क्रम में रविवार देर शाम हजारीबाग सदर के पूर्व एसडीओ अशोक कुमार को रांची के जगन्नथपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।
Read More : कृषि क्षेत्र में उन्नति से झारखंड की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी: CM हेमंत सोरेन