रांची: नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार और रांची नगर निगम के प्रशासक संदीप सिंह ने निगम के अपर प्रशासक, फिलवियुस बारला के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। बुधवार को मंत्री उनके आवास पहुंचे, जहां उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।
निगम सभागार में शोक सभा आयोजित
फिलवियुस बारला के असामयिक निधन पर गुरुवार को रांची नगर निगम सभागार में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।
रांची नगर निगम के प्रशासक संदीप सिंह ने जानकारी दी कि फिलवियुस बारला का बुधवार शाम आर्किड अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उन्होंने 23 सितंबर 2024 को रांची नगर निगम में अपर प्रशासक-1 के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था और अपने कार्यकाल के दौरान अत्यंत निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
उनके निधन को निगम परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए प्रशासक ने कहा कि उनकी कार्यशैली और प्रशासनिक दक्षता नगर निगम के लिए प्रेरणास्रोत थी। निगम के अधिकारी-कर्मचारी उनके योगदान को हमेशा याद रखेंगे।