Jharkhand: आज झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक दिसुम गुरु शिबू सोरेन का 81वां जन्मदिन मनाया गया। इस खास अवसर पर सीपीआई के वरिष्ठ नेता सह पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता और रांची जिला सह राज्य कार्यकारिणी सदस्य अजय कुमार सिंह ने मोरहाबादी स्थित उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें पुष्पगुच्छ और बुके देकर स्वस्थ और दीर्घायु रहने की कामना की।
भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने इस मौके पर कहा, “हम दोनों ने राजनीति की शुरुआत एक ही मंच से की थी। वर्ष 1966 में हमने कम्युनिस्ट पार्टी में शामिल होकर कॉमरेड मज़रूल हुसैन के नेतृत्व में महाजनों और ज़मींदारों के खिलाफ आंदोलन की शुरुआत की थी। 1973 में झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन हुआ, लेकिन इसके बावजूद आज भी हमारा आपसी संबंध और विचारधारा का सम्मान बना हुआ है।”
उन्होंने आगे कहा कि शिबू सोरेन ने झारखंड की जनता के हक और अधिकार के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। उनकी प्रेरणा और संघर्ष आज भी झारखंड के लाखों लोगों के लिए एक आदर्श है।
अजय कुमार सिंह ने भी शिबू सोरेन के संघर्ष और उनकी दीर्घकालीन राजनीतिक यात्रा की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन झारखंड के विकास और आदिवासियों के उत्थान के लिए समर्पित रहा है।
इस मौके पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे और शिबू सोरेन के संघर्षमयी जीवन को याद करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया।