KhabarMantraLive: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। 31 मार्च 2025 को आधार कार्ड को बैंक अकाउंट से लिंक करवाने की अंतिम तिथि है। यदि लाभुकों ने अब तक केवाईसी और आधार को बैंक अकाउंट से लिंक नहीं करवाया है, तो वे इस योजना का लाभ उठाने से वंचित हो जाएंगी।
अप्रैल से नहीं मिलेगी योजना की राशि
झारखंड कैबिनेट की बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि आधार लिंक न होने के बावजूद लाभुकों को पिछले तीन महीने की राशि दी जाएगी। हालांकि, 31 मार्च तक आधार लिंकिंग नहीं करवाने वाले लाभुकों को अप्रैल माह से योजना के तहत ₹2500 की राशि नहीं मिलेगी।
20.60 लाख महिलाओं को जल्द मिलेंगे ₹7500
शुरुआत में, आधार बैंक अकाउंट से लिंक न होने के कारण केवल 38.34 लाख महिलाओं को ही योजना का लाभ मिला था। शेष 20.60 लाख लाभुक महिलाओं का भुगतान होल्ड पर रखा गया था। अब कैबिनेट ने इन लाभुकों को भी ₹7500 की राशि जारी करने की मंजूरी दे दी है।
आधार लिंकिंग आवश्यक, नहीं तो योजना का लाभ बंद
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों का आधार बैंक अकाउंट से लिंक नहीं होगा, उन्हें आगे योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा। ऐसे में, सभी लाभुकों को 31 मार्च 2025 तक आधार लिंकिंग की प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है, ताकि वे भविष्य में इस योजना का लाभ उठा सकें।